Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-26

Seraikela News: सड़क सुरक्षा के संदेश के साथ सरायकेला में प्रशासन-11 और मीडिया-11 के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट टूर्नामेंट

Seraikela News: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सरायकेला में सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बिरसा मुंडा स्टेडियम में मैत्रीपूर्ण क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस टूर्नामेंट में प्रशासन-11 और मीडिया-11 की टीमों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. दो मैचों वाले इस आयोजन में दोनों मुकाबलों में प्रशासन-11 की टीम ने जीत दर्ज की.

मैच के दौरान उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को विजय दिलाई. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के मौके पर इस तरह के खेल आयोजनों का उद्देश्य खेल के माध्यम से आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना है. उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठे व्यक्ति दोनों के लिए मानक हेलमेट के उपयोग तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने को जीवन सुरक्षा के लिए जरूरी बताया.

पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण यातायात नियमों की अनदेखी है. उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने को गंभीर अपराध बताते हुए इसके खतरनाक परिणामों से लोगों को सतर्क रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शून्य सहनशीलता की नीति को प्रभावी रूप से लागू करना जरूरी है, ताकि दुर्घटनाओं में होने वाली जानमाल की क्षति को रोका जा सके.

अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की सहभागिता इसमें जरूरी है. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित होती है और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूकता बढ़ती है.

कार्यक्रम में मौजूद प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जिला प्रशासन की पहल की सराहना की. उन्होंने विभिन्न माध्यमों से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा जताया. मीडिया प्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से प्रशासन और पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय भी मजबूत होता है.

कार्यक्रम के समापन पर उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई. सभी ने यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !