Jharkhand Wheather Update: झारखंड में मकर संक्रांति के बाद सर्दी धीरे-धीरे कमजोर पड़ती जा रही है. जनवरी के अंत तक आते-आते मौसम ने ऐसा रुख बदल लिया है कि कई जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है. अब लोगों को सुबह-शाम की ठंड की जगह दोपहर में गर्मी का एहसास होने लगा है.
हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में बादल और हल्की बारिश के कारण तापमान में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है.
दिन में गर्मी, रात में कम ठंड
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को आसमान साफ रहने की संभावना है, जिससे धूप तेज रहेगी. लेकिन यह स्थिति ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी. बुधवार से राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने लगेंगे. बादलों के कारण दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है. वहीं रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रात की ठंड कम हो जाएगी.
30 जनवरी तक राज्य में हल्के बादल बने रह सकते हैं. इसके बाद जनवरी के आखिरी दिनों और फरवरी की शुरुआत में तापमान फिर गिर सकता है और ठंड कुछ हद तक लौट सकती है.
तापमान में तेजी से बढ़ोतरी
पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान करीब 3 डिग्री बढ़ा है, जिससे रात की ठंड से लोगों को काफी राहत मिली है.
अब राज्य के किसी भी जिले में तापमान 10 डिग्री से नीचे नहीं है.
• अधिकतम तापमान कई जगहों पर 30 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है.
• न्यूनतम तापमान करीब 12 से 16 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है.
तेज धूप के कारण दोपहर में स्वेटर पहनना लोगों को भारी लगने लगा है.
जिलों का हाल
• जमशेदपुर, सरायकेला, सिमडेगा: यहां गर्मी का असर ज्यादा है. जमशेदपुर में तापमान करीब 31 डिग्री तक पहुंच सकता है.
• पलामू, गढ़वा, चतरा: उत्तर-पश्चिमी जिलों में भी तापमान 30 डिग्री के आसपास है, जिससे दिन में हल्की गर्मी महसूस हो रही है.
• रांची, हजारीबाग, रामगढ़, गुमला: यहां तापमान 27 से 28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है.
• धनबाद, देवघर, दुमका, गिरिडीह: इन जिलों में तापमान 27 से 30 डिग्री के बीच रह सकता है.
मौसम में बदलाव की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर और पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर झारखंड तक पहुंच रहा है. इसी वजह से बादल बन रहे हैं और तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक चल रहा है.
सावधानी जरूरी
मौसम में अचानक बदलाव के कारण वायरल बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. डॉक्टरों ने लोगों को दिन-रात के तापमान के फर्क से बचने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी है.