Jamshedpur Breaking: शहर के चर्चित उद्यमी और एसिया उपाध्यक्ष देवांग गांधी के अपहृत पुत्र एवं युवा उद्यमी कैरव गांधी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. करीब 13 दिनों से लापता कैरव गांधी को मंगलवार को 14वें दिन तड़के लगभग 4.30 बजे पुलिस टीम ने सुरक्षित ढूंढ निकाला और उन्हें उनके परिजनों के पास घर पहुंचाया. बेटे की सकुशल वापसी के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है.
बताया जा रहा है कि जमशेदपुर पुलिस ने बरही क्षेत्र से कैरव गांधी को बरामद किया. अहले सुबह पुलिस टीम उन्हें लेकर जमशेदपुर लौटी.
पुलिस जांच में सामने आया कि अपहरणकर्ता कैरव गांधी को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ट्रांजिट कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई कर उन्हें पकड़ लिया और उद्यमी को सकुशल सुरक्षित बरामद कर लिया.
गौरतलब है कि 13 जनवरी को कैरव गांधी के अचानक लापता होने से शहर में सनसनी फैल गई थी. राजनीतिक, व्यवसायिक और सामाजिक हलकों में इस घटना को लेकर लगातार चिंता और चर्चा बनी हुई थी. परिजनों की ओर से भी उनकी सुरक्षित वापसी की अपील की जा रही थी.
जिस रहस्यमयी तरीके से कैरव गांधी लापता हुए थे. लगभग उसी तरह रहस्यमयी हालात में उनकी बरामदगी हुई है. फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस पूरे मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. घटनाक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और बरामदगी से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि के बाद ही जानकारी सार्वजनिक की जाएगी. कैरव गांधी की सुरक्षित वापसी से शहरवासियों ने भी राहत महसूस की है.
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व डीजीपी तदाशा मिश्रा जमशेदपुर पहुंची थीं और उन्होंने इस मामले की जानकारी ली थी. हालांकि पुलिस कप्तान ने इसे नियमित कार्य बताया था. इससे पहले पुलिस कैरव गांधी की कार चांडिल के कांदरबेड़ा इलाके से बरामद कर चुकी थी. अब सबकी नजरें पुलिस और परिवार के आधिकारिक बयान पर टिकी हैं. जिससे यह साफ हो सके कि 13 दिनों तक कैरव गांधी कहां थे और किन परिस्थितियों में उन्हें बरामद किया गया.