Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-27

Jamshedpur Big News: कैरव गांधी सकुशल बरामद, मीडिया के सामने आकर कहा धन्यवाद, 13 दिन बाद पुलिस ने परिवार से मिलवाया

Jamshedpur Big News: अपहरण के बाद सकुशल बरामद किए गए युवा उद्यमी कैरव गांधी मंगलवार को पहली बार मीडिया के सामने आए. अपने पिता देवांग गांधी और परिवार के साथ उन्होंने सभी का धन्यवाद किया, हालांकि पूरे मामले पर चुप्पी बनाए रखी. इसके साथ ही 13 दिनों से जारी अनिश्चितता का दौर खत्म हुआ और पुलिस ने कैरव गांधी को सुरक्षित परिवार से मिलवा दिया.

13 दिन बाद घर लौटे कैरव गांधी
करीब 13 दिनों से लापता कैरव गांधी को मंगलवार को 14वें दिन सुबह लगभग 4.30 बजे पुलिस ने बरामद किया. पुलिस टीम उन्हें सीधे जमशेदपुर लेकर पहुंची और परिजनों से उनकी मुलाकात कराई. बेटे की सकुशल वापसी के बाद परिवार में राहत और भावुकता का माहौल देखा गया.

लापता होने से मचा था हड़कंप
13 जनवरी को कैरव गांधी के अचानक लापता होने से जमशेदपुर में सनसनी फैल गई थी. राजनीतिक, व्यावसायिक और सामाजिक हलकों में इस घटना को लेकर लगातार चिंता बनी हुई थी. परिजनों की ओर से भी उनकी सुरक्षित वापसी की अपील की जा रही थी.

बरामदगी पर अब भी सस्पेंस
जिस तरह रहस्यमयी परिस्थितियों में कैरव गांधी लापता हुए थे, लगभग उसी तरह उनकी बरामदगी भी कई सवाल छोड़ गई है. फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से पूरे मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.

बरही इलाके से मिला सुराग
पुलिस सूत्रों के अनुसार जमशेदपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरही इलाके से कैरव गांधी को ढूंढ निकाला. अहले सुबह पुलिस टीम उन्हें लेकर जमशेदपुर पहुंची. जांच में सामने आया कि अपहरणकर्ता कैरव गांधी को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ट्रांजिट कर रहे थे, इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई कर उन्हें पकड़ लिया और सुरक्षित बरामद कर लिया.

पहले मिल चुकी थी कार
इससे पहले पुलिस कैरव गांधी की कार चांडिल के कांदरबेड़ा इलाके से बरामद कर चुकी थी. वहीं दो दिन पूर्व डीजीपी तदाशा मिश्रा जमशेदपुर पहुंची थीं और मामले की जानकारी ली थी. उस दौरान पुलिस कप्तान ने इसे नियमित प्रक्रिया बताया था.

मीडिया से दूरी बनाए रखी
मीडिया के सामने आने के दौरान कैरव गांधी और उनके परिवार ने केवल धन्यवाद कहा और पूरे घटनाक्रम पर कोई टिप्पणी नहीं की. कैरव गांधी की सकुशल वापसी से शहर और परिवार को बड़ी राहत मिली है, लेकिन मामला अब भी पूरी तरह साफ नहीं है. 13 दिनों तक कैरव गांधी किन परिस्थितियों में रहे और अपहरण की पूरी कहानी क्या है, इसका खुलासा पुलिस की आधिकारिक जानकारी के बाद ही संभव होगा. फिलहाल जांच जारी है और इस केस में आगे कई अहम पहलुओं के सामने आने की संभावना है.




WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !