Jharkhand: झारखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज़ होने वाली है। राज्य में लंबे समय से प्रतीक्षित नगर निकाय चुनाव को लेकर आज एक अहम अपडेट सामने आ सकता है। मिली जानकारी के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग आज चुनाव की तारीखों का औपचारिक ऐलान कर सकता है। इसको लेकर आयोग ने दोपहर 2 बजे एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलायी है, जिस पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश जारी
सूत्रों की मानें तो झारखंड के कुल 48 नगर निकायों में चुनाव कराने की तैयारियां लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन ने मिलकर मतदान से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया है। मतदान केंद्रों की सूची तैयार कर ली गई है, चुनाव ड्यूटी में तैनात किए जाने वाले कर्मियों का चयन भी लगभग पूरा हो चुका है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराए जा सकें।
आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू होगी
जैसे ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होगी, वैसे ही आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगी। इसके बाद संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में किसी भी तरह की सरकारी घोषणाओं और राजनीतिक गतिविधियों पर सख्ती बढ़ जाएगी। वहीं दूसरी ओर, चुनावी बिगुल बजते ही राजनीतिक दलों की सक्रियता और तेज़ हो जाएगी। सभी पार्टियां अपने-अपने समीकरण साधने में जुट जाएंगी और संभावित प्रत्याशी मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर देंगे।
बताया जा रहा है कि कई राजनीतिक दल पहले से ही अपनी रणनीति, उम्मीदवारों की सूची और प्रचार की रूपरेखा पर काम कर रहे हैं। ऐसे में तारीखों की घोषणा होते ही चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा सकता है।
निर्वाचन आयोग की प्रेस वार्ता पर सबकी नजरें टिकी
अब सबकी नजरें राज्य निर्वाचन आयोग की दोपहर 2 बजे होने वाली प्रेस वार्ता पर टिकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि इस दौरान आयोग चुनाव की तिथियों, नामांकन प्रक्रिया, मतदान और मतगणना की संभावित तारीखों सहित तमाम अहम जानकारियां साझा करेगा।