Palamu: पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां रंगेया के धांगरडीह टोला निवासी 60 वर्षीय फागुनी भैया को घर के बाहर उनके ही आवास के पास लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को वहीं घर के बाहर फेंककर फरार हो गए।
परिजनों ने देखा लहूलुहान शव
घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को तब हुई जब उन्होंने अपने ही घर के बाहर फागुनी भैया का लहूलुहान शव देखा। शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए और तुरंत मनातू थाना को सूचित किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आपसी रंजिश में हुई मौत
मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि फागुनी भैया ओझा-गुणी का काम किया करते थे। यही वजह हो सकती है कि किसी पुरानी रंजिश या आपसी मतभेद के चलते उन्हें इस तरह की नृशंस हत्या का शिकार बनाया गया। पुलिस अभी गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू की तहकीकात कर रही है ताकि हत्या के पीछे सटीक कारण का पता चल सके।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और चिंता का माहौल फैल गया है। ग्रामीण शोक और गुस्से में हैं, वहीं पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द ही पकड़कर लिया जाएगा। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है ताकि मृतक के शरीर पर हुए घातक चोटों और मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।