Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. 13 दिनों तक चले गहन अभियान के बाद पुलिस दबाव में अपहरणकर्ताओं को युवक को रास्ते में छोड़ना पड़ा. जीटी रोड पर चौपारण से बरही खंड के बीच कैरव गांधी को सकुशल बरामद कर पुलिस ने उन्हें सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया. इस बरामदगी के साथ ही शहर में लंबे समय से बना तनाव खत्म हुआ.
13 जनवरी को हुआ था अपहरण
बता दें कि 13 जनवरी को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया निवासी कारोबारी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी का अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया था. इस संबंध में बिष्टुपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था. घटना के बाद से पुलिस लगातार तकनीकी जांच और छापेमारी में जुटी हुई थी.
लगातार दबाव में बदली अपहरणकर्ताओं की योजना
अनुसंधान के दौरान जमशेदपुर पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि लगातार हो रही छापेमारी के कारण अपहरणकर्ता कैरव गांधी को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट करने की योजना बना रहे हैं. इस इनपुट के बाद पुलिस टीमों को तत्काल अलर्ट किया गया और संभावित मार्गों व ठिकानों पर तैनाती बढ़ा दी गई.
जीटी रोड पर छोड़ा गया युवक
पुलिस दबाव लगातार बढ़ने और रंगे हाथ पकड़े जाने की आशंका के चलते अपहरणकर्ताओं ने जीटी रोड पर चौपारण से बरही खंड के बीच कैरव गांधी को रास्ते में ही छोड़ दिया. इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर कैरव गांधी को सकुशल बरामद कर लिया.
बरही इलाके से मिली सफलता
पुलिस सूत्रों के अनुसार बरही इलाके में कार्रवाई के दौरान कैरव गांधी को सुरक्षित पाया गया. जांच में यह सामने आया कि अपहरणकर्ता युवक को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ट्रांजिट कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस की सक्रिय रणनीति ने उनके पूरे प्लान को विफल कर दिया.
परिजनों के आग्रह पर घर तक पहुंचाया
बरामदगी के बाद पुलिस ने कैरव गांधी को पूरी सुरक्षा के साथ जमशेदपुर लाया. परिजनों के आग्रह पर पुलिस टीम ने उन्हें सुरक्षित रूप से उनके आवास तक पहुंचाया. बेटे की सकुशल वापसी के बाद परिवार और करीबी लोगों ने राहत की सांस ली.
पहले बरामद हो चुकी थी कार
इस मामले में इससे पहले पुलिस कैरव गांधी की कार चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा इलाके से बरामद कर चुकी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए थे और जांच की समीक्षा की जा रही थी.
अपहरणकर्ताओं की तलाश जारी
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि अपहरण में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. कांड में अनुसंधान जारी है और आगे की कार्रवाई की जानकारी समय पर दी जाएगी.
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस का निरंतर दबाव और रणनीतिक तैनाती निर्णायक साबित हुई. बिना किसी नुकसान के युवक की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की कार्यशैली पर भरोसा मजबूत करती है. हालांकि असली चुनौती अब अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क के खुलासे की है. आने वाले दिनों में जांच के साथ कई अहम तथ्य सामने आने की संभावना बनी हुई है.