Jamshedpur: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज तथा टाटा स्टील के प्रोक्योरमेंट विभाग के बीच आयोजित त्रैमासिक बैठक ट्यूब मेकर्स क्लब, नीलडीह परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक के दौरान सिंहभूम चैम्बर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने वेंडरों को आ रही विभिन्न समस्याओं से प्रोक्योरमेंट विभाग के अधिकारियों को अवगत कराते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
साथ ही स्थानीय व्यवसायियों एवं उद्यमियों को टाटा स्टील में प्राथमिकता दिए जाने के मुद्दे को पुनः दोहराया गया। इस पर प्रोक्योरमेंट विभाग के अधिकारियों ने चैम्बर की मांगों एवं सुझावों पर सकारात्मक रूप से अमल करने का आश्वासन दिया तथा कहा कि स्थानीय उद्यमी टाटा स्टील की प्राथमिकता में हमेशा से रहे हैं और आगे भी रहेंगे।
चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने दी जानकारी
चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने जानकारी दी कि बैठक के पश्चात् टाटा स्टील प्रोक्योरमेंट विभाग की पहल पर उसी दिन ट्यूब मेकर्स क्लब में 15-15 ओवरों का एक सौहार्दपूर्ण “फ्रेंडली पार्टनरशिप क्रिकेट मैच” आयोजित किया गया। यह मैच अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं रोमांचक वातावरण में खेला गया, जिसमें सिंहभूम चैम्बर एवं प्रोक्योरमेंट विभाग के अधिकारियों एवं सदस्यों ने पूरे जोश के साथ शानदार प्रदर्शन किया। मैच में सिंहभूम चैम्बर की टीम विजेता रही और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
अध्यक्ष मानव केडिया ने इस सफल आयोजन का श्रेय टाटा स्टील प्रोक्योरमेंट विभाग के मुख्य अधिकारी रंजन कुमार सिन्हा को दिया, जिन्होंने इस प्रकार के मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का प्रस्ताव रखा। चैम्बर ने इस प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार करते हुए आयोजन को सफल बनाया।
प्रोक्योरमेंट विभाग एवं सिंहभूम चैम्बर के बीच आपसी सहमति से यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सौहार्दपूर्ण क्रिकेट मैचों का आयोजन किया जाएगा, जिससे आपसी संबंधों एवं सहयोग को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
अधिकारी उपस्थित रहे
इस अवसर पर सिंहभूम चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया, मानद महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), हर्ष बाकरेवाले, सचिव भरत मकानी, बिनोद शर्मा, अंशुल रिंगसिया, सुरेश शर्मा (लिपु), कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया सहित अनेक सदस्यगण एवं टाटा स्टील प्रोक्योरमेंट विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।