उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकती
सूत्रों के अनुसार, सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है। शनिवार को होने वाली एनसीपी विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुने जाने की संभावना जताई जा रही है। यदि विधायक दल की बैठक में सहमति बनती है, तो शनिवार शाम को ही वह उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकती हैं।
एनसीपी नेता और मंत्री छगन भुजबल ने शुक्रवार को बताया कि 31 जनवरी को पार्टी विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी के अधिकांश विधायक चाहते हैं कि इस कठिन समय में सुनेत्रा पवार ही नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालें। भुजबल ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि एनसीपी ऐसा निर्णय लेती है, तो उसी दिन शपथ ग्रहण कराने पर सरकार को कोई आपत्ति नहीं होगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पूरे मामले पर कहा कि उपमुख्यमंत्री पद को लेकर अंतिम फैसला एनसीपी को ही लेना है और महायुति गठबंधन पार्टी के निर्णय को पूरी तरह स्वीकार करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार इस संवेदनशील समय में दिवंगत अजित पवार के परिवार और एनसीपी के साथ मजबूती से खड़ी है।
गौरतलब है कि सुनेत्रा पवार वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं और महाराष्ट्र विधानमंडल के किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं। अजित पवार के निधन के बाद पुणे जिले की बारामती विधानसभा सीट खाली हो गई है, जिसे लेकर आगे राजनीतिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री पद के साथ-साथ आबकारी और खेल मंत्रालय की जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है। उनकी नियुक्ति से महायुति सरकार के भीतर नए राजनीतिक समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।