JMM Foundation Day: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपने 54वें स्थापना दिवस को धनबाद में बड़े उत्साह के साथ मनाया. 4 फरवरी 1973 को इसी शहर में शुरू हुई पार्टी के लिए यह दिन खास रहा, जब मुख्यमंत्री और पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन खुद समारोह में शामिल हुए.
रणधीर वर्मा स्टेडियम गोल्फ ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ उमड़ी. रांची से धनबाद पहुंचते ही हेमंत सोरेन का हवाईपट्टी पर स्वागत किया गया. उनके साथ मंत्री हफीजुल हसन भी मौजूद थे. स्वागत के लिए धनबाद के मेयर प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे.
समारोह के मंच पर मुख्यमंत्री के साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इस दौरान झारखंड विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक और टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग एक बार फिर उठाई.
गुरुजी को देश का सर्वोच्च सम्मान देने की मांग
मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि यह पहला मौका है जब पार्टी अपना स्थापना दिवस दिशोम गुरु की अनुपस्थिति में मना रही है. उन्होंने ऐलान किया कि गुरुजी को देश का सर्वोच्च सम्मान दिलाने के लिए धनबाद से लेकर विधानसभा और केंद्र सरकार तक आवाज बुलंद की जाएगी.