हथियार के बल पर हुई लूट का खुलासा
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह कार्रवाई राजनगर थाना में दर्ज एक हालिया लूट कांड के अनुसंधान के दौरान की गई। आवेदक आशीष कुमार महतो ने शिकायत दर्ज कराई थी कि हथियारबंद बदमाशों ने उनसे मोबाइल और नकदी लूट ली थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
अपराध का लंबा इतिहास, 40 से ज्यादा मामले
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी सुजित शर्मा को धर दबोचा। पूछताछ में सुजित ने न केवल राजनगर की लूट, बल्कि कई अन्य वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों पर जिले और राज्य के बाहर विभिन्न थानों में 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। इस अकेले ऑपरेशन से जिले की 6 बड़ी आपराधिक घटनाओं का उद्भेदन हुआ है।
हथियार और चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में सामान और हथियार बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं, एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस। चोरी के कई मोबाइल फोन और नकद राशि। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और अन्य उपकरण भी शामिल हैं। एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। फिलहाल सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और गिरोह के अन्य नेटवर्क की तलाश जारी है।