Jharkhand: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई दो अलग-अलग फायरिंग की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इन दोनों मामलों में शामिल कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटनाओं में इस्तेमाल किए गए हथियार और वाहन भी पुलिस ने बरामद कर लिया हैं।
घटना की विस्तृत जानकारी
पहली घटना 18 और 19 जनवरी 2026 की की बताई जा रही है। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कजरात नवाडीह गांव में आपसी रंजिश को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते फायरिंग में तब्दील हो गया।
वहीं दूसरी घटना 20 जनवरी 2026 को सामने आई, जब हुसैनाबाद के एक पेट्रोल पंप के पास छात्रों के बीच परीक्षा के दौरान हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान भी फायरिंग की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
SIT का हुआ गठन
दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जैकुब के निर्देश पर हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी शाखा पलामू के सहयोग से साक्ष्य जुटाए और लगातार छापेमारी कर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की।
पांच आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रोशन कुमार सिंह (22 वर्ष), सत्यम कुमार सिंह (21 वर्ष), लड्डू कुमार सिंह उर्फ मनीष कुमार सिंह (25 वर्ष), दीपक कुमार सिंह (23 वर्ष) और चितु उर्फ विकास कुमार सिंह (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने दोनों फायरिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस ने बरामद किया सामान
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस (8 एमएम केएफ) तथा एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (नंबर JH03 Q-6922) बरामद की है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था।
असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।