Hazaribagh News: हजारीबाग में नशे और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक साथ दो मोर्चों पर कार्रवाई कर बड़ा संदेश दिया है. जिले में सक्रिय तस्करों के लिए यह दिन भारी साबित हुआ, जब ब्राउन शुगर नेटवर्क और विदेशी शराब तस्करी दोनों पर एक साथ शिकंजा कसा गया. इन कार्रवाइयों से यह साफ हो गया है कि पुलिस अब किसी भी स्तर पर समझौता करने के मूड में नहीं है.
खंडहर के पास पकड़ा गया ब्राउन शुगर गिरोह
कोर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 166.5 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ सात युवकों को रंगे हाथ पकड़ा. इनके पास से 3 लाख 51 हजार 700 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन भी बरामद किए गए. गुप्त सूचना के आधार पर नगवां हवाई अड्डा और काठी नेशन होटल के पीछे स्थित खंडहरनुमा मकान के पास घेराबंदी की गई थी, जहां से सभी आरोपी गिरफ्तार हुए.
चतरा से लाकर हजारीबाग में हो रही थी सप्लाई
पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह चतरा जिले से ब्राउन शुगर लाकर हजारीबाग के अलग-अलग इलाकों में इसकी आपूर्ति करता था. पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
जंगल के रास्ते बिहार जा रही थी शराब
दूसरी कार्रवाई टाटीझरीया थाना क्षेत्र के बौधा जंगल में की गई. यहां से करीब 60 पेटी विदेशी शराब से लदी एक पिकअप जब्त की गई. वाहन को रोकने पर चालक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम रामचन्द्र साव बताया.
बिना नंबर की पिकअप से बरामद हुई खेप
तलाशी के दौरान बिना नंबर की पिकअप से बड़ी मात्रा में शराब मिली. पुलिस के अनुसार यह खेप झारखंड से बिहार ले जाई जा रही थी. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
लगातार जारी है नशे के खिलाफ अभियान
हजारीबाग पुलिस पहले से ही नशे के कारोबार पर कड़ी नजर रखे हुए है. हाल के दिनों में जिले के अलग अलग इलाकों से अफीम, गांजा और शराब की कई खेप पकड़ी जा चुकी है. साथ ही अवैध अफीम की खेती को भी नष्ट किया गया है.
एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों ने यह संकेत दे दिया है कि हजारीबाग पुलिस नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ चुकी है. यह अभियान केवल बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे तस्करी तंत्र को तोड़ने की रणनीति पर आधारित दिख रहा है. यदि इसी तरह सख्ती जारी रही, तो जिले में नशे के कारोबार की कमर टूटना तय है.