Adityapur Crime News: आदित्यपुर में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े एक पुराने मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. लंबे समय से फरार चल रही महिला अभियुक्त डॉली परवीन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. यह गिरफ्तारी आज की गई है. पुलिस के अनुसार यह मामला ब्राउन शुगर की अवैध तस्करी से जुड़ा हुआ है.
आदित्यपुर की रहने वाली है आरोपी महिला
गिरफ्तार महिला डॉली परवीन आदित्यपुर थाना क्षेत्र के एच रोड मुस्लिम बस्ती की निवासी है. पुलिस का कहना है कि वह इस नेटवर्क की सक्रिय सदस्य रही है और पहले से दर्ज मामले में वांछित चल रही थी. पुलिस इस मामले में पहले ही 208 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. इनमें शहबाज खान, आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती, मो. समीर उर्फ मो. आयान, और रफीकुल इस्लाम शामिल हैं.
गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है डॉली का
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार डॉली परवीन का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अलावा हत्या, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा और अन्य गंभीर मामलों सहित कुल 11 मामले दर्ज हैं.
छापामारी टीम ने दी दबिश
यह कार्रवाई आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की के नेतृत्व में की गई. छापामारी दल में रमन विश्वकर्मा, विनोद टुडू, समा सुसारी लकड़ा, जाही मुर्मू, मधु कुमारी, राघवेन्द्र कुमार, नितिश कुमार पाण्डेय और हवलदार सहदेव यादव शामिल थे.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराध में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
डॉली परवीन की गिरफ्तारी से आदित्यपुर में सक्रिय ब्राउन शुगर नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ने की उम्मीद है. पहले से मौजूद आपराधिक रिकॉर्ड यह दिखाता है कि संगठित तरीके से यह धंधा चलाया जा रहा था. पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.