Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर में स्कूली बच्चों की रोजाना आवाजाही को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है. शहर में संचालित सभी स्कूली वाहन सोमवार 02 फरवरी 2026 से अनिश्चितकाल के लिए सड़कों से गायब रहेंगे. यह फैसला जमशेदपुर स्कूली वाहन सेवा संचालन समिति ने लिया है. समिति का आरोप है कि फर्जी प्राथमिकी और गलत जांच प्रक्रिया के कारण वाहन चालकों और उनके परिवारों को गंभीर मानसिक और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है.
सुबह 6 बजे से थमेगा पहिया
सोमवार सुबह 6 बजे से जमशेदपुर में कोई भी स्कूली वाहन परिचालन में नहीं रहेगा. समिति ने साफ किया है कि इस निर्णय से किसी एक इलाके नहीं बल्कि पूरे शहर के अभिभावक और विद्यार्थी प्रभावित होंगे. हजारों बच्चों की स्कूल पहुंच पर सीधा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.
ये है वजह
समिति ने बताया कि यह कदम बिरसानगर थाना कांड संख्या 4/27, दिनांक 27 जनवरी 2026, धारा 65(2) बीएनएस पोस्को एक्ट के तहत दर्ज मामले को लेकर उठाया गया है. इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर ही संचालन समिति ने सेवा को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का फैसला लिया है.
पुराने मामलों का दर्द
अपने पत्र में समिति ने गंभीर आरोप लगाए हैं. कहा गया है कि इससे पहले भी कई मामलों में वाहन चालक 3 से 4 साल तक जेल में रहे. बाद में जांच रिपोर्ट और मेडिकल रिपोर्ट में कुछ भी साबित नहीं हो पाया. इसके बावजूद चालकों और उनके परिवारों को सामाजिक और आर्थिक रूप से भारी नुकसान झेलना पड़ा. समिति का कहना है कि एक गलत प्राथमिकी से पूरा परिवार तबाह हो जाता है और यह न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.
प्रशासन को भेजी गई सूचना
इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम को विधिवत सूचना दे दी गई है. पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम और वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर को भी भेजी गई है. समिति का कहना है कि प्रशासन को स्थिति की गंभीरता से अवगत करा दिया गया है.
आंदोलन तेज करने के संकेत
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा. फिलहाल सेवा बंद रखने के फैसले पर समिति अडिग है.
स्कूली वाहन सेवा के ठप होने से जहां हजारों परिवारों की दिनचर्या प्रभावित होगी, वहीं प्रशासन के लिए भी यह एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है. यदि जांच प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों का समय पर समाधान नहीं हुआ तो यह मामला और गहराने की आशंका है.