Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची के सबसे व्यस्त खादगढ़ा बस स्टैंड में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्टैंड में खड़ी छह बसें धू-धू कर जल उठीं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में आसमान काले धुएं से भर गया। इस घटना ने स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों के बीच दहशत पैदा कर दी।
तेजी से फैली आग, मची भगदड़
लोगों के अनुसार, आग सबसे पहले एक खड़ी बस में लगी और देखते ही देखते इसने पास खड़ी अन्य पांच बसों को अपनी चपेट में ले लिया। जलने वाली बसों में दो बसें एलडी मोटर्स की थीं, जबकि एक बस का नाम शिवचरण बताया जा रहा है। रविवार होने के कारण बस स्टैंड में काफी भीड़ थी, जिससे आग लगते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों का आक्रोश, साजिश की बू
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों और बस कर्मियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यह हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ संदिग्ध उचक्कों को बसों के पास देखा गया था, जिन्होंने जानबूझकर आग लगाई और मौका देखकर फरार हो गए।
दमकल विभाग की देरी पर सवाल
आग बुझाने के लिए स्थानीय लोग और बस स्टैंड के कर्मचारी खुद ही जुट गए। पानी और रेत का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि साधारण प्रयासों से कुछ खास असर नहीं हुआ। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी भारी नाराजगी देखी गई कि सूचना दिए जाने के काफी देर बाद तक दमकल की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंची थीं।
नुकसान और जांच
गनीमत यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन लाखों की संपत्ति जलकर खाक हो गई है। बस स्टैंड में आवागमन पूरी तरह से बाधित है। पुलिस प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आग लगाने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके।