Jamshedpur: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में छिनतई की एक गंभीर घटना सामने आई है। वीणापानी नर्सिंग होम के पास बिरसानगर जोन नंबर-वन बी निवासी राहुल राव के साथ मारपीट कर उनके गले से सोने की चेन छीन लिए जाने का मामला दर्ज कराया गया है। पीड़ित के बयान के आधार पर कदमा थाना में एक नामजद आरोपी और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामले को विस्तृत जानकारी
घटना के संबंध में पीड़ित राहुल राव ने पुलिस को बताया कि 31 जनवरी की रात करीब 10 बजे वह वीणापानी नर्सिंग होम के पास से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान श्रवण उर्फ बोधी अपने 7–8 साथियों के साथ वहां पहुंचा और अचानक उन्हें घेर लिया। आरोप है कि सभी आरोपियों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और इसके बाद राहुल राव के साथ जमकर मारपीट की। इसी दौरान आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।
घायल राहुल राव कदमा थाना पहुंचे व मामला दर्ज किया
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल राहुल राव कदमा थाना पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि नामजद आरोपी श्रवण उर्फ बोधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
मामले की जांच जारी
कदमा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।