Ranchi: रांची के न्यू एजी कॉलोनी स्थित मंदिर मार्ग पर सोमवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने कथित तौर पर आत्महत्या करने का प्रयास किया। इस दर्दनाक घटना में युवक किट्टू की मौत हो गई, जबकि उसकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार की बेटी तान्या की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है।
पारिवारिक विवाद होने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह परिवार उसी आवास के ऊपर और नीचे के तल्लों में रहता था। पड़ोसियों का कहना है कि बीते कुछ समय से घर में तनाव और पारिवारिक विवाद की स्थिति बनी हुई थी, जिसके चलते यह दुखद कदम उठाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए मां और बेटी को एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए गुरुनानक अस्पताल भेजा गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, दोनों का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
पुलिस के लिए जांच जारी
पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।