Jamshedpur: मानगो थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 में घटित चर्चित आर्म्स एक्ट एवं हत्या कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब दो वर्षों से फरार चल रहे इस मामले के दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
घटना की विस्तृत जानकारी
बता दें कि दिनांक 08 दिसंबर 2023 को मानगो थाना अंतर्गत न्यू पुरुलिया रोड नंबर–16, आकाश साहा अपार्टमेंट के समीप अपराधियों द्वारा गोली मारकर सज्जाद खान उर्फ टांडा की हत्या कर दी गई थी।
घटना के बाद त्वरित कार्रवाई के दौरान अपराधियों द्वारा टाइगर मोबाइल के जवानों पर फायरिंग की गई, जिसमें टाइगर मोबाइल के जवान रामदेव महतो वीरगति को प्राप्त हो गए थे। इस संबंध में मानगो थाना में कांड दर्ज किया गया था। मामले में संलिप्त कई अभियुक्तों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
दो अभियुक्त गिरफ्तार
हालांकि, इस कांड में संलिप्त दो अभियुक्त लुस्कु मार्डी एवं गणेश मुर्मु लगातार गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे थे। वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक प्रथम के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा था।
इसी क्रम में 03 फरवरी 2026 को पुलिस ने करीब दो वर्षों से फरार दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों को 04 फरवरी 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान लुस्कु मार्डी उर्फ रोहित मार्डी, (उम्र लगभग 32 वर्ष) व गणेश मुर्मु, (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ही अभियुक्त कांड्रा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
छापामारी दल में शामिल पदाधिकारी एवं कर्मी
इस छापेमारी दल में भोला प्रसाद, नित्यानंद प्रसाद,संजय कुमार,रवि शंकर कुमार,अमित कुमार, चंदन कुमार, महेंद्र कुमार, आरक्षी मधुसूदन बानरा शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार जारी है।