Adityapur Big News: रेल यात्रियों के लिए आज से एक बड़ा बदलाव लागू हो गया है. टाटानगर स्टेशन से चलने वाली 8 प्रमुख ट्रेनों को अब आदित्यपुर रेलवे स्टेशन से संचालित किया जा रहा है. इस फैसले से जहां यात्रियों को नई सुविधा मिलेगी, वहीं टाटानगर स्टेशन पर भी भीड़ और ट्रेनों का दबाव कम होगा.
दो ट्रेनें आज से, तीसरी कल से शुरू
रेलवे के निर्णय के तहत आज से टाटा-हटिया-टाटा एक्सप्रेस और टाटा-धनबाद-टाटा एक्सप्रेस आदित्यपुर स्टेशन से चलने लगी हैं. वहीं टाटा-आसनसोल-टाटा एक्सप्रेस का संचालन कल से आदित्यपुर से किया जाएगा. इससे स्टेशन पर दिनभर चहल पहल बनी रहेगी.
दो हजार यात्रियों को सीधा लाभ
आदित्यपुर से ट्रेनों के संचालन से प्रतिदिन करीब 2 हजार यात्री अब टाटानगर के बजाय आदित्यपुर से अपनी ट्रेन पकड़ेंगे. इससे टाटानगर स्टेशन पर प्लेटफार्म जाम और ट्रेनों की आवाजाही में होने वाली दिक्कतों में कमी आएगी.
स्टेशन पर बढ़ाई गई सुविधाएं
वर्तमान में आदित्यपुर स्टेशन से प्रतिदिन 150 आरक्षित टिकटों की बिक्री होती है और करीब 400 यात्री सफर करते हैं. एक दर्जन के करीब मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का यहां ठहराव पहले से है. यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म पर पीने के पानी की व्यवस्था की गई है. बैठने के लिए सीमेंटेड कुर्सियां लगाई गई हैं. प्लेटफार्म नंबर 1 पर चाय नाश्ते का स्टॉल शुरू कर दिया गया है, जबकि प्लेटफार्म नंबर 3 पर पहले से स्टॉल संचालित है.
आदित्यपुर से चलने वाली ट्रेनें
- ट्रेन नंबर 13301 टाटानगर धनबाद एक्सप्रेस दोपहर 3.35 बजे
- ट्रेन नंबर 13302 धनबाद टाटानगर एक्सप्रेस दोपहर 12.05 बजे
- ट्रेन नंबर 68036 हटिया टाटानगर एक्सप्रेस रात 11.35 बजे
- ट्रेन नंबर 68035 टाटानगर हटिया एक्सप्रेस सुबह 6.30 बजे
- ट्रेन नंबर 13512 आसनसोल टाटानगर एक्सप्रेस कल दोपहर 12.50 बजे
- ट्रेन नंबर 13511 टाटानगर आसनसोल एक्सप्रेस कल दोपहर 1.25 बजे
- ट्रेन नंबर 20816 विशाखापत्तनम टाटा एक्सप्रेस 29 मार्च सुबह 6.35 बजे
- ट्रेन नंबर 20815 टाटा विशाखापत्तनम एक्सप्रेस 30 मार्च सुबह 7.30 बजे
आदित्यपुर से ट्रेनों का संचालन शुरू होने से न केवल टाटानगर स्टेशन का दबाव घटेगा बल्कि यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी. यह फैसला भविष्य में स्टेशन के विस्तार और ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए भी अहम साबित हो सकता है.