Jamshedpur: जमशेदपुर के व्यस्त करणडीह–परसुडीह मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जूझ रहे ट्रैफिक जाम की समस्या से अब आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। इस मार्ग पर नए ट्रैफिक सिग्नल को विधिवत रूप से चालू कर दिया गया, जिससे यातायात व्यवस्था के सुचारु होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रतिदिन करीब दो लाख से अधिक लोग कार्य आवाजाही
जानकारी के अनुसार, इस सड़क से प्रतिदिन करीब दो लाख से अधिक लोग आवाजाही करते हैं। सुबह कार्यालय समय और शाम को लौटते वक्त यहां अक्सर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। जाम के कारण राहगीरों, स्कूली छात्रों, कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
ट्रैफिक सिग्नल की हुई स्थापना
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पोटका विधायक संजीव सरदार के प्रयास से यहां ट्रैफिक सिग्नल की स्थापना कराई गई है। सिग्नल के चालू हो जाने से अब वाहनों की आवाजाही नियंत्रित और व्यवस्थित ढंग से हो सकेगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।
यातायात व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उनका कहना था कि आम जनता को रोजना होने वाली परेशानी से निजात दिलाना उनकी प्राथमिकता है और यह सिग्नल सुरक्षित, सुगम और अनुशासित यातायात व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
रोजाना का जाम काफी हद तक खत्म हो सकता
वहीं, ट्रैफिक सिग्नल शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने संतोष और खुशी जाहिर की है। लोगों का मानना है कि यदि प्रशासन द्वारा ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और लोग भी नियमों के प्रति जागरूक रहें, तो इस मार्ग पर लगने वाला रोजाना का जाम काफी हद तक खत्म हो सकता है।