Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-05

Ranchi Crime News: रांची में हॉस्पिटल के सामने बाइक सवार अपराधियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत

Ranchi: राजधानी रांची के बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र में बुधवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब विकास हॉस्पिटल के ठीक सामने बाइक सवार अपराधियों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। यह घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। अचानक हुई गोलीबारी से अस्पताल परिसर और आसपास मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया, वहीं कुछ देर के लिए क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो गई।

पुलिस मौके पर पहुंची 
घटना की सूचना मिलते ही बीआईटी मेसरा ओपी की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें अपराधियों को वारदात को अंजाम देने के बाद रामगढ़ रोड की ओर भागते हुए देखा गया है। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते को लेकर पुलिस गहन छानबीन में जुटी हुई है।

इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं
बता दें कि इस फायरिंग की घटना में किसी के घायल या हताहत होने की कोई सूचना नहीं है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

आशंका है कुख्यात राहुल सिंह गैंग द्वारा अंजाम दिया गया 
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इस घटना को कुख्यात राहुल सिंह गैंग द्वारा अंजाम दिया गया हो सकता है। पुलिस का मानना है कि गोलीबारी का उद्देश्य रंगदारी का दबाव बनाना हो सकता है। इसी क्रम में पुलिस ने विकास हॉस्पिटल के प्रबंधन से भी पूछताछ की, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने किसी भी प्रकार की धमकी या रंगदारी मांग से साफ इनकार किया है।

शोरूम संचालक को खुलेआम मिली धमकी
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को यह जानकारी मिली कि धमकी अस्पताल के बगल में स्थित एक कार शोरूम के मालिक को दी गई थी। बताया जा रहा है कि राहुल सिंह गैंग की ओर से सोशल मीडिया पर एक प्रेस रिलीज जारी कर शोरूम संचालक को खुलेआम धमकी दी गई थी। उस संदेश में स्पष्ट रूप से लिखा गया था कि यदि गैंग से “मैनेजमेंट” नहीं किया गया, तो अगली बार गोली शोरूम मालिक और उसके परिवार को निशाना बनाकर चलाई जाएगी।

पुलिस की जांच जारी 
फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया पर वायरल धमकी और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !