Jamshedpur: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्किट हाउस स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से बैग चोरी की एक घटना सामने आई है। पीड़ित की पहचान संजय कुमार महतो के रूप में हुई है।
ATM में छूटा बैग
संजय कुमार महतो ने बताया कि वह 28 जनवरी की शाम अपने एक दोस्त के साथ शाकंबरी मोबाइल शोरूम से मोबाइल खरीदने के बाद सर्किट हाउस स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम गए थे, जहां उन्होंने अपने दोस्त को पैसे निकालकर दिए। पैसे निकालने के दौरान वे एटीएम में अपना एक बैग भूल गए, जिसमें मोबाइल चार्जर, लगभग चार हजार रुपये नकद और मोबाइल से संबंधित बिल रखा हुआ था।
शिकायत कराई दर्ज
एटीएम से निकलने के बाद जब वे सर्किट हाउस गोलचक्कर के पास पहुंचे, तब उन्हें अपने बैग के छूट जाने का एहसास हुआ। जब वह वापिस लौटकर एटीएम पहुंचे तो उन्होंने बैग वहां नहीं पाया। जिसके बाद उन्होंने बिष्टुपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई और बैंक प्रबंधन को भी इसकी सूचना दी।
दोस्त की बहन की शादी में व्यस्त के कारण दी शिकायत देरी से
हालांकि, दोस्त की बहन की शादी में व्यस्त होने के कारण वे तत्काल लिखित शिकायत दर्ज नहीं करा पाए। इसके बाद 5 फरवरी को उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दी और बैंक में भी औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी कैमरों की हुई जांच
शिकायत के बाद पुलिस ने बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति साफ तौर पर एटीएम से बैग उठाते हुए दिखाई दे रहा है।
पुलिस की जांच जारी
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।