Bihar: बिहार–पश्चिम बंगाल राज्य सीमा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कटिहार जिले के लाभा पुल के पास तेज रफ्तार विदेशी शराब से लदी एक ट्रक ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों की पहचान
घायलों की पहचान टूनी देवी (उम्र 37 वर्ष), पंचमनी देवी (उम्र 40 वर्ष) और प्रियंम यादव के रूप में हुई है। तीनों घायल इंग्लिश गंभीड़ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए कटिहार के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने की कोशिश की
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए ट्रक का पीछा कर उसे पकड़ लिया। चूंकि घटना बिहार–बंगाल सीमा क्षेत्र के पास हुई थी, इसलिए ग्रामीणों ने ट्रक को पश्चिम बंगाल सीमा में खड़ा कर दिया और इसकी सूचना दोनों राज्यों की पुलिस को दी।
पुलिस बल मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही बिहार के रोशना थाना की थानाध्यक्ष मासूम कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक ऋषि राज तथा पश्चिम बंगाल के कुमेदपुर ओपी से एसआई सुजीत कुमार सिंह और एसआई घनश्याम मंडल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से ट्रक को कब्जे में लेकर रोशना थाना लाया।
तलाशी के दौरान ट्रक से बरामद सामान
तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। थानाध्यक्ष मासूम कुमारी ने बताया कि ट्रक संख्या WB-43/0411 से कुल 4844 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। ट्रक चालक की पहचान प्रवीण दास (उम्र 30 वर्ष), पिता श्रीपति दास, निवासी मंगली बाड़ी, वार्ड संख्या-9, थाना ओल्ड मालदा, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।
प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल
पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि वह पश्चिम बंगाल से शराब लेकर बिहार के बेगूसराय जा रहा था, इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई। वहीं ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यदि यह हादसा नहीं होता तो शराब की यह बड़ी खेप आसानी से बिहार के अंदर पहुंच जाती। ग्रामीणों ने शराब तस्करी को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।
ट्रक और चालक को हिरासत में
फिलहाल पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर तीनों घायल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। घटना ने एक बार फिर बिहार–बंगाल सीमा क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करी के नेटवर्क को उजागर कर दिया है।