Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-07

Adityapur News: आदित्यपुर स्टेशन पर तैनात होगी रेल पुलिस, नया आउटपोस्ट खोलने की तैयारी

Adityapur News: आदित्यपुर स्टेशन से अब पांच ट्रेनों का नियमित संचालन शुरू होने जा रहा है, जिससे यहां यात्रियों की संख्या हजारों में पहुंचने की उम्मीद है. इसी को देखते हुए रेल पुलिस ने स्टेशन परिसर में नया आउटपोस्ट खोलने की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा सके और जवान चौबीसों घंटे मौजूद रह सकें.

2020 के बाद बंद थी व्यवस्था
साल 2020 तक आदित्यपुर स्टेशन पर टाटानगर रेल पुलिस की टीओपी मौजूद थी. थर्ड लाइन बिछाने और स्टेशन के नए भवन निर्माण के दौरान यह आउटपोस्ट हटा दी गई थी. इसके बाद से यहां रेल पुलिस के जवानों की स्थायी तैनाती नहीं हो पाई थी, जबकि ट्रेनों की आवाजाही लगातार बनी रही.

कई रूट की ट्रेनों का ठहराव
आदित्यपुर स्टेशन पर धनबाद, राउरकेला, चाईबासा, चक्रधरपुर, बड़बिल, बिलासपुर, बरकाकाना, हटिया और गुवा जैसे मार्गों की लोकल और पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव होता है. इसके अलावा रोज कई लंबी दूरी की ट्रेनें बिना ठहराव के भी स्टेशन से होकर गुजरती हैं, जिससे सुरक्षा की जरूरत और बढ़ गई है.

मुख्यालय को भेजा गया प्रस्ताव
टाटानगर के रेल एसपी अजीत कुमार ने बताया कि आदित्यपुर स्टेशन पर आउटपोस्ट खोलने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा जा चुका है. जल्द ही चक्रधरपुर रेल मंडल से स्टेशन परिसर में जगह मांगी जाएगी, ताकि पुलिस आउटपोस्ट की स्थापना की जा सके.

यात्रियों को मिलेगी त्वरित सहायता
रेल एसपी के अनुसार, आउटपोस्ट खुलने से यात्रियों को तत्काल सुरक्षा और कानूनी मदद मिल सकेगी. अभी आदित्यपुर और गम्हरिया स्टेशन से जुड़ी सभी घटनाओं की एफआईआर टाटानगर रेल थाने में दर्ज होती है, जिससे कार्रवाई में समय लग जाता है.

आरपीएफ पोस्ट भी होगा मजबूत
पांच ट्रेनों के संचालन की घोषणा के साथ ही आदित्यपुर आरपीएफ पोस्ट में भी जवानों और अधिकारियों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. चक्रधरपुर मंडल स्तर पर इसकी कवायद चल रही है. जानकारों का कहना है कि आने वाले समय में आठ जोड़ी से अधिक ट्रेनों को आदित्यपुर से चलाने की योजना है, ताकि टाटानगर स्टेशन पर बढ़ते यात्रियों का दबाव कम किया जा सके.

आदित्यपुर स्टेशन का महत्व तेजी से बढ़ रहा है. नई ट्रेनों के संचालन से जहां यात्रियों को सुविधा मिलेगी, वहीं सुरक्षा का सवाल भी उतना ही अहम हो गया है. रेल पुलिस आउटपोस्ट खुलने से कानून व्यवस्था मजबूत होगी और यात्रियों में भरोसा बढ़ेगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !