Jamshedpur: पोटका थाना क्षेत्र के ग्वालकाटा पंचायत अंतर्गत गौडग्राम के सासनघुटू टोला में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। गांव के निवासी एवं राशन डीलर मिकी हांसदा के घर अज्ञात चोरों ने कुंडी तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस मामले को लेकर पीड़ित मिकी हांसदा ने पोटका थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने गांव के ही सात लोगों को संदेह के आधार पर आरोपी बनाया है।
परिवार नहीं था घर में मौजूद, चोरों ने उठाया फायदा
पीड़ित द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, चोरी की यह वारदात चार फरवरी की रात लगभग साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। उस समय मिकी हांसदा का पूरा परिवार घर से बाहर गया हुआ था, जिससे घर पूरी तरह सूना था। चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाकर घर की कुंडी तोड़ी और भीतर प्रवेश कर कीमती सामान समेट ले गए।
सोने और चांदी के कई जेवर समेत 25 हजार रुपये गायब
अगले दिन जब परिवार घर लौटा तो घर का नजारा देख सभी के होश उड़ गए। मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी और घर के अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। जब बारीकी से जांच की गई तो पता चला कि घर से 25 हजार रुपये नकद के अलावा सोने और चांदी के कई जेवर गायब हैं। चोरी गए सामानों में सोने की अंगूठी के दो जोड़े, सोने की चेन के दो जोड़े, कान के सोने के तीन जोड़े, नाक के चार जोड़े, चांदी की पायल के तीन जोड़े और चांदी की चूड़ियों के दो जोड़े शामिल हैं।
पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोपनो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला गंभीर है और हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और पुलिसिया कार्रवाई के बाद ही इस चोरी की घटना से जुड़ा पूरा सच सामने आ सकेगा।