Jamshedpur: आगामी 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित देशव्यापी आम हड़ताल को सफल बनाने के उद्देश्य से संयुक्त ट्रेड यूनियनों की ओर से टिस्को के वर्मा माइंस गेट पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में मजदूरों और विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान हड़ताल की रणनीति, मजदूरों की मौजूदा समस्याओं तथा आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कई वरिष्ठ मजदूर नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे
बैठक में विश्वजीत देव, अम्बुज कुमार ठाकुर, निगमानंद पाल, धनंजय शुक्ला और संजय सिंह सहित कई वरिष्ठ मजदूर नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि श्रम कानूनों में किए गए बदलाव, अस्थायी रोजगार की बढ़ती प्रवृत्ति, वेतन में असमानता और सामाजिक सुरक्षा के अभाव जैसे मुद्दों के खिलाफ मजदूरों की एकजुट आवाज आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
12 फरवरी की हड़ताल लड़ाई का एक अहम पड़ाव
इस अवसर पर अम्बुज कुमार ठाकुर ने कहा कि 12 फरवरी की आम हड़ताल मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और सम्मानजनक जीवन की लड़ाई का एक अहम पड़ाव है। उन्होंने सभी मजदूरों से एकजुट होकर हड़ताल को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि हड़ताल से पूर्व औद्योगिक क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा मजदूरों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रयास किए जाएंगे। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने आम हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया और मजदूर एकता का संदेश दिया।