Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-07

Giridih News: कोयला लोडिंग को लेकर विवाद ने लिया हिंसक रूप, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

Giridih: गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बनियाडीह में शुक्रवार की देर रात कोयला लोडिंग के दौरान उत्पन्न विवाद ने अचानक उग्र और हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते लाठी-डंडों की झड़प में तब्दील हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

अध्यक्ष कंपू यादव समेत कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल
इस हिंसक घटना में आजसू पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष सह ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष कंपू यादव समेत कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में युवराज सिंह और महेश कुमार यादव के नाम शामिल हैं, जिन्हें हमले में गंभीर चोटें आई हैं।

गलत वजन को लेकर शुरू हुआ था विवाद
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए कंपू यादव ने बताया कि सीसीएल द्वारा एक ट्रक में कोयला लोड किया गया था। जब ट्रक का कांटा कराया गया, तो वजन सही नहीं पाया गया। इसी बात को लेकर कोयला लोडिंग से जुड़े दो पक्षों के बीच पहले बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई।

बताया गया कि बहस के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने अचानक कंपू यादव पर जानलेवा हमला कर दिया। जब उनके सहयोगी बीच-बचाव के लिए आगे आए, तो हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों का सदर अस्पताल में हुआ इलाज
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। इलाज के बाद कंपू यादव ने मुफ्फसिल थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
उधर, घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

कोयला लोडिंग के दौरान वजन को लेकर विवाद होना कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार मामला हिंसा तक पहुंच गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !