Giridih: गिरिडीह जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर गिरिडीह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीआरपीएफ की 154 बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया।
भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद व अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद
इस सघन अभियान के दौरान खुखरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पारसनाथ पहाड़ी के भालखी पहाड़ एवं कनौडीह के समीप नक्सलियों द्वारा जमीन में गड्ढे खोदकर छुपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई।
पुलिस और सीआरपीएफ की टीम ने जब्त किए कई सामान
पुलिस और सीआरपीएफ की टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाते हुए 303 बोर की 11 सिंगल शॉट राइफल, .22 बोर की 9 राइफल, 6 हैंड ग्रेनेड, एक एसएलआर ग्रेनेड प्रोजेक्टर, एक एम्युनिशन बॉक्स, 30 चार्जर क्लिप तथा दो बंडल इलेक्ट्रिक कॉपर वायर जब्त किया। सभी हथियार और विस्फोटक सामग्री को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सीआरपीएफ 154 बटालियन के रहे शामिल
इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) के साथ सीआरपीएफ 154 बटालियन के वरीय अधिकारियों ने किया। अभियान में जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ के जवानों की संयुक्त टीम शामिल रही, जिन्होंने दुर्गम पहाड़ी इलाकों में कड़ी सतर्कता के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।
आगे भी सर्च एवं ऑपरेशन अभियान लगातार रहेंगे जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह के सर्च एवं ऑपरेशन अभियान लगातार जारी रहेंगे।