Jamshedpur: धरातल पर कार्य करने वाली सामाजिक संस्था टीम पीएसएफ की पहल पर जमशेदपुर के चर्चित व्यवसायी एवं समाजसेवी स्वर्गीय आशीष डे की 73वीं जयंती के अवसर पर वर्ष का सबसे बड़ा सेवा अभियान आयोजित किया गया। इस मानवीय अभियान का नेतृत्व उनकी धर्मपत्नी डोलन डे ने किया।
इस अवसर पर दलमा की तलहटी स्थित बोड़ाम प्रखंड के पाकोटोड़ा, गागीबूरु, बेल्डीहटोला एवं डांगडुंग गांवों में रहने वाले 60 सबर परिवारों के बीच एक माह का सूखा राशन एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की गई। इस वर्ष स्वर्गीय आशीष डे की जयंती को पूर्ण रूप से सबर परिवारों के नाम समर्पित किया गया।
अभियान के तहत प्रत्येक परिवार को 20 प्रकार की आवश्यक सामग्रियों के साथ एक माह का सूखा राशन उपलब्ध कराया गया। इसके अतिरिक्त 20 सबर परिवारों के घरों की क्षतिग्रस्त छतों को मजबूत प्लास्टिक शीट से ढका गया, जिससे उन्हें तेज धूप एवं बारिश से राहत मिल सके। डोलन डे ने स्वयं कई घरों की टूटी छतों को प्लास्टिक शीट से ढककर मानवीय संवेदना का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
"खुशियाली पैक" के अंतर्गत प्रति परिवार एक साड़ी, एक धोती, कॉपी, पेंसिल, रबर, ब्रेड, केक, बिस्किट, भुजिया सहित बच्चों के लिए आवश्यक सामग्री वितरित की गई। साथ ही चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर दवाइयां, फर्स्ट-एड बॉक्स, सैवलॉन, फिनाइल सहित स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित सामग्री भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर डोलन डे ने कहा कि साकची श्रीलेदर्स परिवार की सोच हमेशा से रही है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े सबर एवं आदिवासी परिवारों तक पहुंचकर उनके जीवन में थोड़ी खुशियां लाई जाएं। इसी भावना के तहत इस वर्ष स्वर्गीय आशीष डे की जयंती को इन परिवारों के नाम समर्पित किया गया।
इस सेवा अभियान में प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन ने सहयोगी संस्था के रूप में संपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम में साकची श्रीलेदर्स की ओर से डोलन डे, उनकी पुत्रवधू के साथ संजय चौधरी, स्वपन महतो, मास्टर निवारण सिंह एवं विभूति सिंह उपस्थित रहे।
वहीं टीम पीएसएफ की ओर से निदेशक अरिजीत सरकार, स्नेहा सरकार, कुमारेस हाजरा, दीपक कुमार मित्रा, तपन चंदा, भास्कर कुंडू, उत्तम कुमार गोराई, रवि शंकर, कमल कुमार घोष, सौरभ चटर्जी, किशोर साहू, अनिल प्रसाद, फुलचंद सिंह सरदार एवं सुभाष साहिस ने सक्रिय भूमिका निभाई।