Box Office Collection: छोटे पर्दे पर सालों तक दर्शकों को हंसाने-गुदगुदाने वाला पॉपुलर कॉमेडी शो "भाभीजी घर पर हैं" अब बड़े पर्दे पर अपना जादू चलाने में नाकाम होता नजर आ रहा है। इसी टीवी सीरियल पर आधारित फिल्म "भाभीजी घर पर हैं: फन ऑन द रन" 6 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही।
नहीं छाई फिल्म
जिस शो ने टीवी पर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की, वही कहानी और किरदार जब फिल्म के रूप में दर्शकों के सामने आए, तो सिनेमाघरों में वो असर पैदा नहीं कर पाए। शुरुआती दो दिनों की कमाई के आंकड़े इस बात की साफ तस्दीक करते हैं।
दो दिन में सिर्फ 60 लाख की कमाई
फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले दो दिनों में कुल 60 लाख रुपये का बिजनस किया है। रिलीज के पहले दिन यानी शुक्रवार को फिल्म की कमाई करीब 25 लाख रुपये रही, जबकि दूसरे दिन शनिवार को थोड़ी बढ़त देखने को मिली और फिल्म ने 35 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इसके बावजूद फिल्म अब तक 1 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने में असफल रही है।
बड़े नामों के बावजूद नहीं चला जादू
फिल्म में टीवी शो के चहेते कलाकारों के साथ-साथ कई जाने-माने चेहरे भी नजर आ रहे हैं। आसिफ शेख, रोहिताश्व गौड़, शुभांगी अत्रे, विधिशा श्रीवास्तव और योगेश त्रिपाठी के अलावा फिल्म में रवि किशन, मुकेश तिवारी और दिनेश लाल यादव "निरहुआ" जैसे सितारे भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में फिल्म कामयाब नहीं हो पाई।
"खिचड़ी" से तुलना में पीछे रही फिल्म
अगर टीवी शो से बनी फिल्मों के इतिहास पर नजर डालें, तो कॉमेडी सीरियल "खिचड़ी" इसका सफल उदाहरण रहा है। साल 2010 में आई "खिचड़ी: द मूवी" ने पहले ही दिन 60 लाख रुपये की कमाई की थी। वहीं 2023 में रिलीज हुई "खिचड़ी 2" ने 1.1 करोड़ रुपये की ओपनिंग हासिल की थी। इन आंकड़ों से तुलना करें तो "भाभीजी घर पर हैं: फन ऑन द रन" काफी पीछे नजर आती है।
रविवार की कमाई पर टिकी उम्मीदें
अब फिल्म के लिए रविवार का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। ट्रेड एक्सपर्ट्स की मानें तो वीकेंड का आखिरी दिन तय करेगा कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर थोड़ी राहत की सांस ले पाएगी या फिर इसकी मुश्किलें और बढ़ेंगी।