Palamu: पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड अंतर्गत सेहरा गांव के निवासी मजदूर मुकेश कुमार राम की दिल्ली में काम के दौरान करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब वे एक निर्माणाधीन मकान में स्टील के मेजरमेंट टेप से नाप-जोख कर रहे थे। इसी दौरान टेप अचानक ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आ गया, जिससे उन्हें तेज करंट लग गया और वे बुरी तरह झुलस गए।
घायल कराया गया अस्तपाल में भर्ती
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से मकान मालिक ने मुकेश कुमार राम को इलाज के लिए हरियाणा के रेवाड़ी स्थित शील अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण शुक्रवार रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
एंबुलेंस से पहुंचा शव गांव
मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रविवार को जब एंबुलेंस से उनका शव सेहरा गांव पहुंचा, तो पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी बबीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वे बार-बार बेहोश हो जा रही हैं और घटना की सूचना मिलने के बाद से उन्होंने ठीक से कुछ खाया-पिया भी नहीं है। उनकी दो छोटी बेटियां रितिक और मुस्कान पिता का शव देखकर फूट-फूटकर रोने लगीं। परिवार पर दुखों का ऐसा साया छाया है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
मुकेश घर एकमात्र कमाने वाले थे
बताया जा रहा है कि मुकेश कुमार राम करीब एक महीने पहले ही रोजगार की तलाश में दिल्ली गए थे। परिवार को उम्मीद थी कि वे वहां मेहनत-मजदूरी कर कुछ पैसे भेजेंगे, जिससे घर का खर्च चल सकेगा। लेकिन किसे पता था कि कमाने की यह कोशिश पूरे परिवार को जीवन भर का दर्द दे जाएगी। मुकेश घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, उनकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
एंबुलेंस किराया भी लोगो ने आपसी सहयोग से जुटाया
स्थानीय लोगों के अनुसार, अस्पताल और एंबुलेंस की व्यवस्था में भी परिवार को काफी परेशानी उठानी पड़ी। शव को गांव लाने के लिए एंबुलेंस का किराया भी लोगों ने आपसी सहयोग से जुटाया।
मुकेश कुमार राम की असमय मौत से सभी स्तब्ध
उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। गांव में इस हादसे को लेकर गहरा शोक है और हर कोई मुकेश कुमार राम की असमय मौत से स्तब्ध है।