Dhanbad News: बाघमारा के खरखरी ओपी क्षेत्र के न्यू परसबनिया कॉलोनी के पास रविवार दोपहर अवैध मिट्टी खनन के दौरान एक ट्रैक्टर चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान फुलारीटांड़ बस्ती निवासी विश्वनाथ रवानी उर्फ लाला रवानी के रूप में की गई है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया.
अचानक विश्वनाथ की हालत बिगड़ गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मिट्टी खनन के दौरान अचानक विश्वनाथ की हालत बिगड़ गई. इसके तुरंत बाद ट्रैक्टर और जेसीबी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गए. घटना की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने खनन स्थल से सटे एक मकान में घुसकर तोड़फोड़ की, जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया. हालात बिगड़ते देख पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया.
पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
शाम करीब 4:30 बजे बाघमारा विधायक शत्रुघन महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर पूरी जानकारी ली. उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रैक्टर व जेसीबी चालकों की तलाश की जा रही है. इलाके में एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है