Ranchi News: रांची में मनरेगा के तहत ग्रामीणों को उनका अधिकार दिलाने के उद्देश्य से काम मांगो अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में अभियान की दिशा, कार्ययोजना और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई.
इस बैठक में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह शामिल हुईं. उनके साथ कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू, दिल्ली से आए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संदीप दीक्षित, विधायक राजेश कच्छप, नेहा शिल्पी तिर्की और दयामणि बारला भी मौजूद रहे.
बैठक में मनरेगा कानून के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व आईएएस अधिकारी निखिल डे, प्रसिद्ध अर्थशास्त्री ज्यां द्रेज, बलराम जी सहित कई वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और जनआंदोलनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
इसके अलावा नरेगा वॉच झारखंड के संयोजक जेम्स हेरेंज, सिराज दत्ता, विवेक, तारामणि साहू, संदीप, बैजनाथ, रूबी, अपूर्वा, श्यामा सिंह, सनियारो तथा भोजन का अधिकार अभियान के संयोजक अशरफी नंद प्रसाद भी बैठक में शामिल हुए.
मनरेगा को प्रभावी बनाया जाए
बैठक का मुख्य उद्देश्य यह रहा कि मनरेगा को प्रभावी बनाया जाए, ग्रामीणों को समय पर काम मिले और उनके कानूनी अधिकारों की रक्षा हो सके. इस दौरान ज़मीनी स्तर पर आ रही समस्याओं और उनके समाधान पर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया.
फोरम की ओर से अफज़ल अनीस, गढ़वा से कलामुद्दीन और जामताड़ा से मुजाहिद ने भी इस अहम बैठक में अपनी सहभागिता निभाई. सभी प्रतिभागियों ने मिलकर मनरेगा को मज़बूत करने और ग्रामीण रोज़गार सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त प्रयास करने पर सहमति जताई.