Giridih News: जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने समाहरणालय सभागार में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ अहम समीक्षा बैठक की. इस बैठक में सभी एसडीपीओ, डीएसपी, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी शामिल हुए.
अवैध कारोबार पर पूरी तरह से रोक लगाने का निर्देश
बैठक के दौरान एसपी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और अवैध कारोबार पर पूरी तरह से रोक लगाने का निर्देश दिया. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी स्थिति में अवैध धंधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जिले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई करने, थानों में लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने और फरार चल रहे अपराधियों को गिरफ्तार करने के आदेश दिए गए. साथ ही साइबर अपराध के मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया.
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेने और दोषियों पर सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया गया.
इस बैठक में एसपी सुजीत कुमार, सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव, डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद, खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद, बगोदर-सारिया एसडीपीओ धनंजय राम, डीएसपी नीरज कुमार सिंह, साइबर डीएसपी आदित्य खान, डीएसपी कौशर अली, प्रशिक्षु डीएसपी नीलम कुजूर और कैलाश महतो सहित सभी थाना और ओपी प्रभारी मौजूद रहे.
बैठक के अंत में एसपी ने बीते महीने विभिन्न मामलों के उद्भेदन में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को सम्मानित भी किया.