Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-09

West Singhbhum News: मुसाबनी में संपूर्णता अभियान 2.0 की शुरुआत, 100% लक्ष्य हासिल करने पर रहेगा फोकस

पूर्वी सिंहभूम: आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के उद्देश्य से संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ सोमवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने किया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, एसडीओ घाटशिला सुनिल चंद्रा तथा सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

नीति आयोग के निर्देशानुसार शुरू किए गए इस तीन माह के गहन अभियान के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, महिला स्वास्थ्य और पशु स्वास्थ्य से जुड़े निर्धारित सूचकांकों में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाएगा, ताकि विकास के अंतर को पाटते हुए प्रमुख सार्वजनिक सेवाओं की पूर्ण संतृप्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए सभी की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।

उपायुक्त ने बताया कि संपूर्णता अभियान के पहले चरण में सेविका, सहायिका और सामुदायिक चिकित्सा पदाधिकारियों के सराहनीय योगदान के कारण मुसाबनी प्रखंड को बेहतर प्रदर्शन के लिए नीति आयोग द्वारा सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया था। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुदूरवर्ती गांवों और पंचायतों में जाकर लोगों को योजनाओं से जोड़ें तथा आवश्यक कागजात और प्रमाण पत्र बनवाने में सहयोग करें।

डीडीसी नागेंद्र पासवान ने कहा कि जिला प्रशासन 14 अप्रैल 2026 तक आकांक्षी प्रखंडों के लिए निर्धारित छह प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। अभियान के तहत आईसीडीएस के माध्यम से 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को नियमित पूरक पोषण, आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों की ऊंचाई और वजन का डिजिटल मापन, सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में क्रियाशील शौचालय और स्वच्छ पेयजल, सभी स्कूलों में छात्राओं के लिए कार्यशील शौचालय की उपलब्धता तथा पशुओं में खुरपका-मुंहपका रोग के खिलाफ शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने "प्रोजेक्ट उल्लास" के तहत मिर्गी रोगियों की पहचान, उपचार और नियमित मॉनिटरिंग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 22 से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाले शिविरों में मिर्गी रोगियों को लाकर समुचित इलाज कराने की व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट उल्लास के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, सामुदायिक चिकित्सा पदाधिकारियों और सहियाओं को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जेएसएलपीएस की दीदियां, स्वास्थ्य सहिया, आंगनवाड़ी सहायिकाएं सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।   
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !