Jamtara: जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। योनो ऐप अपडेट के बहाने लोगों से ठगी करने वाले साइबर अपराधियों के एक सक्रिय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है, जबकि ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त किए गए हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर करमाटांड़ में छापेमारी
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त जानकारी के बाद जामताड़ा साइबर अपराध थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी की। यह छापेमारी लखनुडीह पारटोल रोड स्थित ग्राम डिगवाडीह से करीब 200 मीटर दक्षिण, बांस की झाड़ी के पास की गई, जहां साइबर ठगी का खेल चल रहा था।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक फारूक ने किया। उनके साथ पुलिस निरीक्षक अमृत कुमार राम, पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार वर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे।
चार आरोपी गिरफ्तार, अलग-अलग गांवों के निवासी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में इब्राहिम अंसारी उर्फ पाड्डु (19 वर्ष), निवासी पाण्डेडीह, थाना अहिल्यापुर, जिला गिरिडीह शामिल है। वहीं अन्य तीन आरोपी हुसैन अंसारी (26 वर्ष), ग्राम कबरी; साकिर अंसारी उर्फ लालु (26 वर्ष), ग्राम बरगुंडी; और सिराज अंसारी (28 वर्ष), ग्राम पारटोल के रहने वाले हैं। हुसैन, साकिर और सिराज जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
योनो ऐप अपडेट के नाम पर करते थे ठगी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लोगों को फोन कर खुद को बैंक से जुड़ा बताते थे और योनो ऐप अपडेट करने का झांसा देते थे। इसके बाद वे पीड़ितों को व्हाट्सएप कॉल और स्क्रीन शेयरिंग ऐप के जरिए उनके मोबाइल की स्क्रीन साझा करने के लिए कहते थे। जैसे ही स्क्रीन एक्सेस मिलती थी, आरोपी योनो ऐप का यूजर आईडी और पासवर्ड बना लेते थे।
ओटीपी मिलते ही नेट बैंकिंग के माध्यम से पीड़ितों के बैंक खातों से पैसे निकाल लिए जाते थे। पुलिस के अनुसार, इस साइबर ठगी नेटवर्क का दायरा देश के कई हिस्सों तक फैला हुआ है।
मोबाइल और सिम कार्ड जब्त, केस दर्ज
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 8 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जा रहा था। इस मामले में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 09/26, दिनांक 09 फरवरी 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों पर BNS 2023 की धारा 111(1)(iii), 318(4), 319(2), 3(5), आईटी एक्ट की धारा 66(B), 66(C), 66(D) और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की धारा 42(3)(e) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बताया कि योनो ऐप अपडेट के नाम पर साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल नंबर पर भी कॉल किया था। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर ओटीपी, बैंक डिटेल या स्क्रीन शेयर बिल्कुल न करें। यदि किसी तरह की साइबर ठगी की आशंका हो, तो तुरंत पुलिस या साइबर अपराध थाना को इसकी सूचना दें।
फिलहाल पुलिस पूरे साइबर ठगी नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है।