Ranchi News: रांची के रातु थाना क्षेत्र के चटकपुर मिलन चौक से रहस्यमय ढंग से लापता हुई दो नाबालिग बहनों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रांची रेलवे स्टेशन परिसर से सुरक्षित बरामद कर लिया है. फिलहाल दोनों बच्चियां पुलिस की सुरक्षा में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है.
दुकान जाने के लिए निकली थीं घर से
जानकारी के अनुसार, गोकुल धाम मिलन चौक निवासी सुजीत शर्मा की बेटियां संध्या कुमारी (16 वर्ष) और अर्चना कुमारी (12 वर्ष) 8 फरवरी की शाम घर से दुकान जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं.
परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
जब काफी तलाश के बाद भी बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने रातु थाना में आवेदन देकर उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई और पुलिस से मदद की गुहार लगाई.
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए. इसी कड़ी में मंगलवार को दोनों बच्चियां रांची रेलवे स्टेशन से बरामद कर ली गईं.
पूछताछ जारी, परिजनों ने जताया आभार
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चियां किन परिस्थितियों में घर से निकली थीं और उनका वहां पहुंचना कैसे हुआ. घटना के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है. वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.