Dhanbad News: धनबाद से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के बारे में सुरक्षा एजेंसियों को अहम जानकारी मिली है. सूत्रों के अनुसार, वह अब दुबई में नहीं रह रहा है और वहां से निकलकर पाकिस्तान पहुंच गया है. बताया जा रहा है कि वह फिलहाल पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में छिपा हुआ है.
दुबई पुलिस से संपर्क कर उसकी गिरफ्तारी की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, झारखंड पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पहले दुबई पुलिस से संपर्क कर उसकी गिरफ्तारी की कोशिश की थी. कहा जा रहा है कि भारतीय एजेंसियों के बढ़ते दबाव के कारण ही उसने दुबई छोड़ दिया. यह भी चर्चा है कि दुबई में उसके साथ रहने वाले कुछ लोग भी अचानक वहां से लापता हो गए हैं.
कारोबारियों और बिल्डरों से रंगदारी वसूलने का नेटवर्क चला रहा है
पुलिस का दावा है कि प्रिंस खान विदेश में रहकर ही धनबाद समेत राज्य के कई जिलों में कारोबारियों और बिल्डरों से रंगदारी वसूलने का नेटवर्क चला रहा है. जो लोग रंगदारी देने से इनकार करते हैं, उन्हें धमकाया जाता है और उन पर हमला करवाने की भी बात सामने आई है.
बताया जाता है कि उसका गिरोह केवल धनबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि जमशेदपुर, रांची, हजारीबाग, चतरा, रामगढ़ और बोकारो जैसे जिलों में भी सक्रिय रहा है. सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क को तोड़ने और उसे कानून के दायरे में लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं.