Jharkhand News: झारखंड पुलिस मुख्यालय के प्रशिक्षण निदेशालय ने हवलदारों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आदेश जारी किया है. इसके तहत राज्य के 500 चयनित हवलदारों को स्वर्णपुर (मुसाबनी) स्थित सीटीसी प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण दिया जाएगा.
निर्देश के अनुसार सभी चयनित हवलदारों को 8 मार्च तक अपने-अपने निर्धारित प्रशिक्षण संस्थान में रिपोर्ट करना होगा. संबंधित एसएसपी, एसपी, यूनिट प्रभारी और प्रशिक्षण संस्थान प्रमुखों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सूची में शामिल सभी कर्मी समय पर प्रशिक्षण केंद्र पहुंचें.
आदेश में साफ किया गया है कि जो हवलदार फिलहाल निलंबित हैं या प्रशिक्षण अवधि के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल नहीं किया जाएगा. वहीं जिनका वर्तमान पदस्थापन बदल चुका है, उन्हें अपने नियंत्रक पदाधिकारी के माध्यम से प्रशिक्षण निदेशालय को सूचना देकर प्रशिक्षण में शामिल होना अनिवार्य होगा.
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 9 मार्च से शुरू होकर कुल 12 सप्ताह तक चलेगा. प्रशिक्षण संस्थान को निर्देश दिया गया है कि प्रशिक्षु हवलदारों की नामावली हार्ड और सॉफ्ट कॉपी दोनों रूप में 16 मार्च तक उपलब्ध कराए.
इस दौरान हवलदारों को नए आपराधिक कानूनों के तहत निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे बदलते कानूनी प्रावधानों के अनुरूप अपने कर्तव्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें.