Adityapur News: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड संख्या 9 की प्रत्याशी राखी मार्डी ने अपने प्रेमी संग फरार होने की खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है. शुक्रवार को आरआईटी थाने पहुंचकर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे कहीं भागी नहीं थीं, बल्कि चुनावी कार्यों और व्यय कोषांग में हिसाब देने की प्रक्रिया में व्यस्त थीं. उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को विरोधियों द्वारा रची गई एक गहरी चुनावी साजिश करार दिया है.
पति की भूमिका और निजी विवाद पर खुलासे
राखी मार्डी ने अपने पति राकेश मार्डी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने राजनीतिक विरोधियों के साथ मिलकर उनकी सामाजिक छवि खराब करने की कोशिश की है. राखी के अनुसार उनके और उनके पति के बीच पिछले 6 महीनों से संबंध तनावपूर्ण चल रहे हैं क्योंकि उनके पति को उनका चुनाव लड़ना पसंद नहीं था. राखी ने यह भी दावा किया कि उनके पति का किसी अन्य महिला के साथ संबंध है और विरोध करने पर उन्हें इस तरह बदनाम किया जा रहा है.
समर्थकों को धमकी और कानूनी कार्रवाई की मांग
प्रत्याशी ने पुलिस को बताया कि उनके पति ने समर्थक प्रेमचंद मार्डी और प्रस्तावक राघव बेसरा को फोन पर जान से मारने की धमकी दी है. इस पूरे प्रकरण को लेकर राखी मार्डी ने आरआईटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और अपनी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे शनिवार से अपना जनसंपर्क अभियान दोबारा शुरू करेंगी ताकि जनता के बीच जाकर सच सामने ला सकें.