Jharkhand News: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. वे अक्सर अपने बयानों और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बोलने के कारण सुर्खियों में रहते हैं. इस बार उन्होंने सिर पर पगड़ी पहनकर जनता के बीच पहुंचते हुए भाजपा पर सीधा सवाल खड़ा किया है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मंत्री ने अपनी तस्वीर साझा की और लिखा कि भाजपा के नेताओं से उनका सीधा प्रश्न है तस्वीर देखकर बताएं कि वे कौन हैं? हिन्दू, मुस्लिम, सिख या ईसाई? उन्होंने कहा कि धर्म और जाति के आधार पर राजनीति करना बंद होना चाहिए और देश को बांटने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए.
स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह का भी जिक्र
मंत्री ने अपने पोस्ट में स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शासन के खिलाफ भगत सिंह ने कम उम्र में अपने प्राणों की आहुति दी थी. अंग्रेज उन्हें फांसी दे सकते थे, लेकिन उनके विचारों को खत्म नहीं कर पाए. उन्होंने इशारों में कहा कि आज भी कुछ लोग उसी विभाजनकारी सोच को आगे बढ़ा रहे हैं.
इसके साथ ही उन्होंने संसद की कार्यवाही को लेकर भी प्रतिक्रिया दी. मंत्री ने कहा कि यदि लोकतंत्र के मंदिर में जनता के नेता राहुल गांधी को बोलने से रोका जाता है, तो यह सिर्फ एक व्यक्ति का अपमान नहीं बल्कि जनता की आवाज को दबाने जैसा है. उन्होंने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया.
इरफान अंसारी ने कहा कि देश की असली पहचान धर्म नहीं, बल्कि इंसानियत, समानता और संविधान है. उन्होंने भाजपा नेताओं से पूछा कि वे देश को जोड़ने की राजनीति करेंगे या बांटने की. साथ ही यह भी कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर जनता ही अंतिम फैसला सुनाती है.