Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-16

Jamshedpur News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जमशेदपुर आगमन को लेकर तैयारियां तेज, उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

Jamshedpur: जमशेदपुर के कदमा स्थित मैरिन ड्राइव पर प्रस्तावित भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 26 फरवरी को आयोजित होने वाले इस विशेष समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगमन को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की जा रही है।

इसी क्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। यह कार्यक्रम श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केन्द्र ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

ले-आउट, मंच और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यक्रम के ले-आउट प्लान, मंच निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, टेंट निर्माण कार्य और सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां मुख्य अतिथि की गरिमा के अनुरूप और निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं।

उन्होंने प्रवेश और निकास द्वारों को सुव्यवस्थित रखने, पर्याप्त बैरिकेडिंग करने तथा पेयजल, शौचालय और विद्युत आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अग्निशमन यंत्रों और आपातकालीन निकास मार्गों की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

वीआईपी मूवमेंट और ट्रैफिक प्लान पर प्रशासन गंभीर
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर वीआईपी मूवमेंट के अनुरूप रूट प्लान तैयार करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने कारकेड व्यवस्था और यातायात नियंत्रण की प्रभावी योजना बनाने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो।

इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण तथा प्लास्टिक सामग्री के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

समन्वय से सफल आयोजन का लक्ष्य
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम जिले के लिए गौरव का अवसर है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

प्रशासन का लक्ष्य है कि भूमि पूजन कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमामय ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !