Jharkhand News: राज्य की विशेष नक्सल विरोधी बल झारखंड जगुआर अपना 17वां स्थापना दिवस 19 फरवरी को मनाने जा रही है. इस अवसर पर टेंडर ग्राम स्थित झारखंड जगुआर कैंप में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. समारोह में राज्य की पुलिस महानिदेशक तादाशा मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी.
2008 में हुआ था गठन
नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से वर्ष 2008 में झारखंड जगुआर का गठन किया गया था. इसके बाद वर्ष 2009 में इसके असॉल्ट ग्रुप की स्थापना की गई, ताकि कठिन इलाकों में विशेष ऑपरेशन को अंजाम दिया जा सके. यह बल आंध्र प्रदेश के चर्चित ग्रेहाउंड्स मॉडल की तर्ज पर तैयार किया गया है.
नक्सल विरोधी अभियानों में बड़ी भूमिका
पिछले 17 वर्षों में झारखंड जगुआर ने जिला पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कई सफल अभियान चलाए हैं. घने जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए इस विशेष बल ने कई नक्सली संगठनों के खिलाफ प्रभावी ऑपरेशन को अंजाम दिया है.
बल के जवानों ने कई मुठभेड़ों में साहस और रणनीति का परिचय दिया है, जिससे राज्य में नक्सल गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लगा है.
समारोह में उपलब्धियों की होगी चर्चा
स्थापना दिवस समारोह के दौरान अब तक की उपलब्धियों और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी. साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित भी किया जा सकता है.
झारखंड जगुआर आज राज्य की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा बन चुकी है और नक्सल उन्मूलन की दिशा में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है.