Dumka: झारखंड के दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र से एक आदिवासी किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़िता ने मंगलवार को जरमुंडी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
बासुकीनाथ मेला से लौटते समय हुई घटना
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि सोमवार को वह अपनी चाची के साथ हाट-बाजार गई थी। वहीं से दोनों बासुकीनाथ मेला घूमने चली गईं। बाजार में ही उसकी चाची ने किसी परिचित युवक को फोन कर बुलाया। कुछ देर बाद विजय मुर्मू नामक युवक मोटरसाइकिल लेकर वहां पहुंचा।
किशोरी और उसकी चाची दोनों उस युवक के साथ बाइक पर बैठकर मेला देखने चली गईं। मेले में करीब तीन से चार घंटे बिताने के बाद शाम लगभग चार बजे वे घर लौटने लगे।
सुनसान इलाके में ले जाकर वारदात
पीड़िता के अनुसार, सोगरा मोड़ के पास उसकी चाची नाश्ते की दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए उतर गईं। वापस आने पर उन्होंने किशोरी से कहा कि बाइक चालक उनका परिचित है और वह उसे घर छोड़ देगा। चाची ने यह भी बताया कि वे पीछे से टोटो से आ जाएंगी।
किशोरी ने पुलिस को बताया कि रास्ते में युवक ने बाइक बाराटांड़ की ओर मोड़ दी और घर छोड़ने का बहाना बनाकर उसे एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां पहाड़ की तराई में पहले से दो अन्य युवक मौजूद थे। आरोप है कि विजय मुर्मू ने जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया और करीब दो से तीन घंटे तक उसे वहीं रोके रखा।
धमकी देकर छोड़ा
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो अंजाम बुरा होगा। जान से मारने की धमकी देकर उसे वहां से छोड़ा गया।
घटना से डरी-सहमी किशोरी ने मंगलवार को जरमुंडी थाना
पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले को गंभीरता से लिया गया है। पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।