Adityapur Crime News: सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप में अमन खान उर्फ लड्डू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी का पूरा परिवार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और अब बेटे की इस घिनौनी करतूत ने इलाके में चर्चा छेड़ दी है.
शोर मचाने पर जुटे लोग, आरोपी को दबोचा
घटना 17 फरवरी की शाम करीब 6:00 बजे की है. बताया जा रहा है कि अमन खान ने अपने ही घर में बतौर किराएदार रह रही एक महिला को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की. महिला ने जब विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू किया, तो आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए आरोपी अमन को पकड़ लिया और उसे आदित्यपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
आपराधिक रहा है खान परिवार का इतिहास
आरोपी अमन खान का बैकग्राउंड अपराध से जुड़ा रहा है. उसके पिता कादीम खान और मां डॉली परवीन पहले से ही कई गंभीर मामलों में संलिप्त हैं और वर्तमान में जेल की सजा काट रहे हैं. विशेष रूप से उसकी मां डॉली परवीन को इलाके में एक कुख्यात ड्रग पेडलर के तौर पर जाना जाता है. थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, इस मामले में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है, जिसकी गहराई से जांच अधिकारी अमिश कुमार कर रहे हैं.
यह घटना एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा, विशेषकर किराए के मकानों में रहने वाली महिलाओं की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगाती है. आरोपी का आपराधिक पारिवारिक इतिहास होने के बावजूद उसके बेखौफ हौसले बताते हैं कि स्थानीय स्तर पर अपराधियों में कानून का डर कम हो रहा है. हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों की सक्रियता काबिले तारीफ है, जिसने एक गंभीर अपराध को अंजाम तक पहुंचने से पहले ही रोक लिया.