Chaibasa: जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर की मौत हो गई। घटना डीवीसी बीएसएनएल टावर के पास लगभग 1:30 बजे हुई।
मृतका की पहचान प्रतिभा टिकरामजी सोमकुंवर के रूप में हुई है, जो नोवामुंडी कॉलेज में अंग्रेजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं।
कॉलेज से घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर प्रतिभा कॉलेज की छुट्टी के बाद अपनी स्कूटी (संख्या JH06U 5135) से घर लौट रही थीं। इसी दौरान बीएसएनएल टावर के सामने एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से जोजो कैंप की ओर फरार हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्कूटी, हेलमेट और हैंडबैग घटनास्थल पर ही पड़े मिले।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही नोवामुंडी थाना की सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षिका को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने स्कूटी और अन्य सामान जब्त कर लिया है तथा अज्ञात वाहन की पहचान के लिए नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार और कॉलेज में शोक
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतका के पति तुलसीदास रणबीर अस्पताल पहुंचे। घटना से परिवार में गहरा शोक है। कॉलेज के सहकर्मी और कर्मचारी भी अस्पताल पहुंचकर संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान टाटा स्टील के एडमिन हेड निशिकांत सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
स्थानीय लोगों ने उठाई सुरक्षा की मांग
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में चिंता व्यक्त की जा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्कूल और कॉलेज की छुट्टी के समय तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
लोगों ने संबंधित स्थान पर यातायात नियंत्रण के कड़े उपाय लागू करने और आवश्यकतानुसार “नो एंट्री” जैसे कदम उठाने की मांग प्रशासन से की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है।