Jamshedpur News: लौहनगरी जमशेदपुर में अपराध और गैंगवार की आशंकाओं को खत्म करने के लिए पुलिस ने "एक्टिव पुलिसिंग" शुरू कर दी है. पिछले 48 घंटों के भीतर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पुलिस ने कुल 9 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहर में किसी भी नए गैंग को पनपने से रोकना और पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाना है.
गोलमुरी में सात और जुगसलाई में दो की गिरफ्तारी
पुलिस की इस कार्रवाई की शुरुआत गोलमुरी थाना क्षेत्र से हुई, जहां सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से एक हथियार भी बरामद हुआ है. सिटी एसपी के मुताबिक, ये पकड़े गए लोग “कॉन्ट्रैक्ट किलर” प्रवृत्ति के अपराधी हैं, जो किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते थे. इसी कड़ी में आज जुगसलाई थाना क्षेत्र से भी दो अन्य युवकों को दबोचा गया है. इनके पास से एक देसी कट्टा मिला है. इन सभी 9 आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और इन पर हत्या व आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं.
गैंगवार रोकने के लिए पुलिस सख्त
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन गैंगवार की संभावनाओं को लेकर बेहद गंभीर और सख्त है. उन्होंने कहा कि पकड़े गए अपराधियों का रिकॉर्ड काफी सॉलिड है और पुलिस इनके पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है. पुलिस की कोशिश है कि शहर के किसी भी थाना क्षेत्र में अपराधियों को सिर उठाने का मौका न मिले. गैंगवार और संगठित अपराध को रोकने के लिए पुलिस आने वाले दिनों में और भी सख्ती बरतने की तैयारी में है.