Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-21

Municipal Elections: पलामू में निकाय चुनाव से पहले प्रशासन की सख्ती, 9 लोगों को किया गया जिला बदर

Palamu: पलामू में नगर निकाय चुनाव से पहले जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए 9 लोगों को अस्थायी रूप से जिला बदर किया है। प्रशासन का कहना है कि इन व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में गंभीर प्रकृति के मामले दर्ज हैं और चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।

जिला बदर किए गए लोगों में चैनपुर के गरदा निवासी आसिफ अहमद उर्फ राजा खान, शाहपुर के अशफाक खान, वारिसनगर के हसनैन अंसारी, शाहपुर के फरहान कुरैशी उर्फ भोलू शामिल हैं। इसके अलावा मेदिनी नगर टाउन थाना क्षेत्र के कुमार टोली निवासी चंदन कुमार, चंद्रवंशी कांदू मोहल्ला के नितेश कुमार शर्मा उर्फ राहुल शर्मा, पांकी थाना क्षेत्र के चापीकला निवासी दीपक कुमार भुइयां, खपरमंदा के कुश कुमार यादव और सतबरवा पोची के गुलशन कुमार विश्वकर्मा का नाम भी सूची में है।

रामनवमी तक जिले से बाहर रहने का निर्देश
जिला पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि संबंधित व्यक्तियों को रामनवमी तक जिले की सीमा से बाहर रहने का निर्देश दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर उपायुक्त द्वारा की गई है।

प्रशासन के अनुसार, इन लोगों की सक्रियता चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती थी। सबसे अधिक चार लोग चैनपुर थाना क्षेत्र से संबंधित बताए गए हैं।

लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन जारी
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन भी किया जा रहा है। अब तक 69 लोगों के खिलाफ विभिन्न मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों को अपने लाइसेंसी हथियार नजदीकी थानों में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पलामू जिले में लगभग 1200 लाइसेंसी हथियार धारक हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों पर आपराधिक मामले लंबित हैं, वे नियमानुसार अपने हथियार जमा करें। वहीं कुछ लोगों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए प्रशासन से हथियार रखने की अनुमति बनाए रखने का अनुरोध भी किया है।

प्रशासन का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !