Jharkhand: राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ट्रेनों के जरिए हो रही नशे की तस्करी पर सख्त शिकंजा कसते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पिछले एक साल में चलाए गए विशेष अभियान के तहत विभिन्न रेल थानों में 50 से ज्यादा एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 63 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गांजा, अफीम और व्हाइट पाउडर की खेप पकड़ी गई
अभियान के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने कुल 893.774 किलोग्राम गांजा, 2.387 किलोग्राम अफीम और 12 किलोग्राम व्हाइट पाउडर बरामद किया। इसके साथ ही तस्करों के पास से 27 मोबाइल फोन और 6,450 रुपये नकद भी जब्त किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, यह बरामदगी ट्रेनों के जरिए राज्यों के बीच हो रही अवैध सप्लाई पर बड़ा प्रहार है।
विशेष निगरानी और खुफिया इनपुट से सफलता
जीआरपी ने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध यात्रियों पर नजर रखी गई, उनके सामान की जांच की गई और खुफिया सूचनाओं के आधार पर कई जगहों पर छापेमारी की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तस्कर ट्रेनों को अपेक्षाकृत सुरक्षित माध्यम मानकर एक राज्य से दूसरे राज्य तक नशीले पदार्थ पहुंचाने की कोशिश करते हैं। इसी रणनीति को नाकाम करने के लिए अलग-अलग रेल थानों की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई की।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। रेलवे परिसरों और ट्रेनों में निगरानी और सख्त की जाएगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।
जीआरपी की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे रेल मार्ग के जरिए होने वाली अवैध गतिविधियों पर असर पड़ने की उम्मीद है।